बैतूल , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र के दूधिया गांव में 22 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पवन गंजाम के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पवन शनिवार रात अपने दोस्त के घर खाना खाने गया था और वहीं सो गया था। घटना के समय घर में उसके दो दोस्त भी मौजूद थे। रात में जब घर के अन्य सदस्य और दोस्त जागे, तो पवन गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। इसके बाद उसके भाई को सूचना दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन गर्दन पर गंभीर चोट के कारण पवन की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय जनपद सदस्य सुनील ने चिचोली पुलिस को जानकारी दी। पुलिस बल के साथ वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक विशेषज्ञ आबिद खान घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय युवक अपने दोस्तों के साथ था। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले गांव में मृतक का किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था। पुलिस इस पहलू सहित अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित