कोरबा , अप्रैल 09 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक पुलिस आरक्षक पर अपने ही दोस्त की पत्नी से छेड़छाड़ का गंभीर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन थाना पुलिस के अनुसार, बांगो थाना में पदस्थ आरक्षक दीप नारायण त्रिपाठी के खिलाफ एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पुलिसकर्मी उसके पति का परिचित था और घर पर उसका आना-जाना भी था।
शिकायत में महिला ने बताया कि वह किसी कार्य से पैदल जा रही थी, तभी आरोपी ने लिफ्ट देने के बहाने उसे रोका और उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पहले से ही उस पर गलत नजर रखता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल तेज हो गई है और वरिष्ठ अधिकारी मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित