नोएडा , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर 24 थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी और मोबाइल छीनने की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं उनकी निशानदेही पर चोरी की सात स्कूटी/मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, चार अवैध चाकू, दो टूटी हुई नंबर प्लेटें तथा 1200 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-11 स्थित मदर डेयरी के पास गंदे नाले के पुस्ते पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। इस दौरान जितेन्द्र (19) अरबाज (19) और अभिषेक शाह (18) को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके साथ शामिल एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वे पहले दिल्ली, नोएडा और एनसीआर के भीड़भाड़ वाले इलाकों की रेकी करते थे। इसके बाद घरों के बाहर खड़ी स्कूटी और मोटरसाइकिलों को मौका मिलते ही चोरी कर लेते थे। साथ ही राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनने की घटनाओं को भी अंजाम देते थे।

चोरी के बाद आरोपी वाहनों को सेक्टर-54 नोएडा के जंगल और झाड़ियों में छिपाकर रखते थे। जरूरत पड़ने पर वाहनों की नंबर प्लेट तोड़ देते थे और अपनी मजबूरी का बहाना बनाकर उन्हें राह चलते लोगों को कम कीमत में बेच देते थे। चोरी के मोबाइल और वाहनों की बिक्री से मिलने वाली रकम को आपस में बराबर-बराबर बांटकर अपने शौक पूरे करते थे।

वारदात के दौरान लोगों को डराने और विरोध होने पर धमकाने के लिए वे अपने पास अवैध चाकू रखते थे।

बरामद वाहनों में दिल्ली और उत्तर प्रदेश में पंजीकृत स्कूटी व मोटरसाइकिलें शामिल हैं, जबकि दो मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट के मिली हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-24 थाना,सहित दिल्ली के गाजीपुर थाने में वाहन चोरी, स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों तथा चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित