चेन्नई , सितंबर 05 -- उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने शनिवार को तमिल दैनिक 'दिनमलर' के प्लेटिनम जयंती समारोह के अवसर पर स्मारक डाक टिकट जारी किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाचार पत्र शुरू करना और उसका प्रकाशन करना बहुत कठिन है, लेकिन उससे भी अधिक कठिन काम अपनी निष्पक्षता बनाये रखना है।

उन्होंने कहा कि कोई समाचार पत्र तभी लोगों का विश्वास अर्जित और कायम रख सकता है, जब वह दबावों के सामने मजबूती से खड़ा रहे तथा बिना किसी भय के देशभक्ति और जनसेवा जैसे उच्च मूल्यों को बनाये रखे। उन्होंने कहा कि 'दिनमलर' ने पिछले 75 वर्षों के दौरान अपने पाठकों के साथ ऐसा ही विश्वास का रिश्ता कायम किया है।

श्री राधाकृष्णन ने सत्य, देशभक्ति और जनसेवा के मूल्यों को बनाए रखने वाली 'दिनमलर' की सात दशक लंबी यात्रा की सराहना की और कहा कि इन मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता के कारण अखबार ने लोगों का विश्वास अर्जित किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित