धर्मशाला , मार्च 15 -- हिमाचल प्रदेश की देहरा पुलिस ने 16 फरवरी, को लापता हुई एक महिला का सफलतापूर्वक पता लगाकर उसे उसके परिवार से मिला दिया है । पुलिस ने एक विशेष अभियान में कई घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।
देहरा के पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने रविवार को यूनीवार्ता से कहा कि उनके नेतृत्व में पोम्पू (घोषित अपराधी एवं लापता व्यक्ति इकाई) नामक एक विशेष इकाई का गठन किया गया है और इस इकाई को अदालतों द्वारा घोषित अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, अदालती आदेशों को लागू करने और लापता लोगों के लिए खोज अभियान चलाने का कार्य सौंपा गया है।
श्री मयंक ने बताया कि 14 मार्च को पोम्पू टीम ने देहरा तहसील के कार्यादा डाकघर के अंतर्गत कुंडलीहार गांव की निवासी स्वर्गीय शमी कुमार की पत्नी नेहा का सफलतापूर्वक पता लगा लिया। उन्होंने बताया कि नेहा के लापता होने की रिपोर्ट 16 फरवरी, को देहरा पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई थी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला का पता लगा लिया गया और बाद में उसे उसके परिवार से मिला दिया गया। उन्होंने आगे बताया कि इस अभियान से पहले, पोम्पू टीम ने रणवीर धीमान सहित तीन घोषित अपराधियों को गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित