धर्मशाला , अप्रैल 05 -- हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिला कांग्रेस समिति की पूर्व प्रवक्ता सपना सूद ने देहरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों में तेज़ी लाने का श्रेय कांग्रेस विधायक कमलेश ठाकुर को देते हुए कहा है कि वह 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में अपना दबदबा बरकार रखेंगी।

श्रीमती सूद ने कहा कि उनके 18 महीने के कार्यकाल के दौरान 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत की गयी है। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों के तेज़ी से क्रियान्वयन से, विशेष रूप से देहरा के उप-मंडल मुख्यालय में, इस क्षेत्र की कायापलट हो गयी है जिसे लंबे समय से पिछड़ा माना जाता था। इससे श्रीमती ठाकुर के नेतृत्व को जनता से व्यापक सराहना मिली है।

उन्होंने दावा किया कि विकास की इस गति ने राजनीतिक विरोधियों को बेचैन कर दिया है और इस क्षेत्र में कांग्रेस की स्थिति को मज़बूत किया है। राज्य सरकार के समर्थन का उल्लेख करते हुए श्रीमती सूद ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने देहरा के लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता सुनिश्चित की है, जिससे प्रमुख परियोजनाओं को तेज़ी से आगे बढ़ाने में मदद मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित