देहरादून , मार्च 17 -- केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर मंगलवार को बताया कि देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच आरसीएस उड़ान सेवा जल्द शुरु हो सकती है।

इससे पहले बीते दिनों मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री को देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच उड़ान सेवाओं को मजबूत करने के लिए पत्र लिखा था। इसी क्रम में श्री किंजरापु ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बताया है कि देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच क्षेत्रीय सम्पर्क योजना के तहत उड़ान सेवा के लिए, मैसर्स स्काईहॉप एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा जरूरी औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद कंपनी द्वारा इस हवाई मार्ग पर आरसीएस उडानों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देहरादून से पिथौरागढ के बीच नियमित विमान सेवाओं के लिए अन्य विमानन कंपनियों को भी पत्र लिख रही है।

इसके अलावा, केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना - प्रथम चरण के अवशेष भुगतान के साथ ही दूसरे और तीसरे चरण के कार्यों को पूरा करने की समय सीमा भी मार्च 2027 तक विस्तारित कर दी है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुख्यमंत्री धामी को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है।

इन दोनों बिन्दुओं पर पत्र मिलने के बाद श्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड को सहयोग कर रही है। केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में हवाई सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। सरकार पिथौरागढ़- देहरादून के बीच नियमित हवाई सेवा शुरु करने के लिए प्रयासरत है। इससे सीमांत के लोगों का देहरादून से सीधे सम्पर्क स्थापित हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित