देहरादून , मई 06 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के बीचोंबीच मंगलवार देर रात गोपनीय सूचना पर पुलिस ने एक फ्लैट में छापा मारकर 18 सफेदपोश व्यक्तियों को जुआ खेलते पकड़ा है। इनसे कुल तीन लाख, 10 हजार, 600 रुपए की नकदी भी बरामद हुई है। पकड़े गए सभी जुआरी स्थानीय और राजनीतिक रसूख वाले हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गोपनीय माध्यम से कोतवाली नगर क्षेत्र में एक निजी अपार्टमेन्ट में बड़े स्तर पर अवैध जुए के संचालित होने की सूचना मिली। जिस पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) नगर के नेतृत्व में गठित टीम ने कल देर रात सहारनपुर चौक स्थित महावीर अपार्टमेंट में दबिश दी। जहां तृतीय तल स्थित एक फ्लैट में संचालित हो रहे हाई प्रोफाइल जुए का पर्दाफाश हुआ। मौके पर पुलिस टीम द्वारा अवैध रूप से जुआ खेल रहे 18 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से कुल तीन लाख, 10 हजार, 600 रुपए की नगदी, ताश की गड्डियां एवं डाईस बरामद हुये। सभी अभियुक्तों के विरूद्ध कोतवाली नगर पर धारा 3/4/5 जुआ अधिनियम के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

अभियुक्तों से पूछताछ में जानकारी मिली कि उक्त फ्लैट गिरफ्तार अभियुक्त रोशन लाल बन्सल का है जो अपने फ्लैट में लोगों को ताश के पत्तों और डाइस से जुआ खिलवाता है व स्वंय भी उनके साथ जुआ खेलता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित