देहरादून , जुलाई 27 -- उत्तराखंड के देहरादून में एसटीएफ, एएनटीएफ एवं थाना सेलाकुई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार को 1.521 किलोग्राम मादक पदार्थ कैटामाइन के साथ दो अभियुक्तो को गिरफ्तार किया गया। इनसे बरामद मादक पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 15 लाख रुपये है।
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि सरकार के "ड्रग्स फ्री देवभूमि" अभियान के अंतर्गत संयुक्त टीम ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 1.521 किलोग्राम कैटामाइन बरामद कर दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके विरूद्ध थाना सेलाकुई में धारा 8/22(सी)/29/60 एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि एएनटीएफ को प्राप्त इनपुट के आधार पर एसटीएफ टीम ने थाना पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्यवाही की। उन्होंने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त स्कूटी की डिक्की में कैटामाइन को छिपाकर ले जा रहे थे। उन्होंने बताया कि टीम के साथ मौके पर उपस्थित औषधि निरीक्षक द्वारा मादक पदार्थ की पहचान कैटामाइन के रूप में की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि खैरी गांव स्थित बर्थवाल के आम के बगीचे के पास एक अज्ञात व्यक्ति को इसकी आपूर्ति करने जा रहे थे। पुलिस द्वारा इस सूचना के आधार पर मादक पदार्थ की आपूर्ति श्रृंखला, इसके स्रोत तथा इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।
श्री सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शुभम कुमार पुत्र राजेश कुमार, निवासी जमनपुर, सेलाकुई, जनपद देहरादून और अंकित तिवारी पुत्र दिनेश, निवासी नगला कल्लू, शाहाबाद देहात, जनपद हरदोई (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी सेलाकुई, जनपद देहरादून के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित