देहरादून, फरवरी 16 -- उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार ,महिला उत्पीड़न, बेरोजगारी, जंगली जानवरों के आतंक जैसे विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को लोक भवन कूच किया।

इससे पूर्व हजारों की संख्या में अलग-अलग जिलों से आए कांग्रेस जन देहरादून के परेड ग्राउंड में एकत्रित हुए। जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मंच से सभा को संबोधित करते हुए एकजुट होने का आह्वान किया और उनका जोश भरा।

उसके बाद पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेसी पैदल मार्च निकालते हुए एश्ले हॉल चौक से होते हुए जैसे ही न्यू कैंट रोड पहुंचे,तभी पुलिस ने हाथी बड़कला में बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान आगे लोकभवन की तरफ बढ़ने को लेकर प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ जमकर धक्का मुक्की भी हुई।

काफी देर वहां हंगामा होने के बाद पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल रहीं पार्टी प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा,प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुमाव कैम्पेन कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत लगभग 500 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया और वाहनों में भरकर रेस कोर्स स्थित पुलिस लाइन भेज दिया।

इस मौके पर यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार के कुशासन से मुक्ति पाने के लिए आज एक जन सैलाब देहरादून की सड़कों पर उतरा है। राज्य में प्रचंड बहुमत की सरकार ने जनादेश का अपमान किया है। राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और राज्य में जंगल राज कायम है, चारों तरफ बढ़ते अपराधों से भय का वातावरण व्याप्त है। प्रदेश में रोजगार खत्म हो गए हैं और नौजवानों के हाथों में काम नहीं है। पलायन बदस्तूर जारी है, दूसरी तरफ पहाड़ों में विद्यालयों को बंद किया जा रहा है। अस्पतालों की स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल पड़ी हुई है।

उन्होंने कहा कि विगत कुछ वर्षों से उत्तराखंड लगातार आपदा का दंश झेल रहा है। आज भी धराली बूढ़ा केदार से लेकर घनसाली, आपदाग्रस क्षेत्र जोशीमठ,थराली, मुनस्यारी, धारचूला और तराई क्षेत्रों में आपदा से प्रभावित परिवारों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पाई है, उन्हें मुआवजा नहीं मिल पाया है। उत्तरकाशी जिले के धराली में अभी भी 140 के करीब शव जमीदोंज हैं, किंतु सरकार ने चुप्पी साध रखी है।

यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस के आंदोलन का कुचलने के लिए रात भर मे सड़कों पर लगे कांग्रेस के पोस्टर बैनर हटा दिए गए। लेकिन अब यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है। हम और भी अधिक ताकत से भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों का जवाब देने के लिए तत्पर रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित