देहरादून , फरवरी 21 -- उत्तराखंड के देहरादू में स्थानीय विधायक उमेश शर्मा काऊ की उपस्थिति में उनके समर्थकों ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल की शनिवार को पिटाई कर दी।
इस घटना के समय श्री शर्मा श्री नौडियाल से मिलने के लिए पहुंचे थे। घायल अवस्था में निदेशक को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि विधायक ने निदेशक के समर्थन में कमरे में आए कुछ लोगों पर अपने ऊपर फोन से हमला करने और सरकार विरोधी नारे लगाने का आरोप लगाया है।
श्री नौडियाल ने संवाददाता को बताया कि रायपुर प्रखंड के अस्थल प्राथमिक स्कूल के नाम परिवर्तन को लेकर विधायक और समर्थक आए थे। उन्हें बता दिया था कि शासन स्तर पर प्रस्ताव गया हुआ है। इसी को लेकर हाथापाई की गई। विधायक भी वहीं हल्ला कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस अपनी कार्रवाई करेगी उनकी ओर से शिकायत दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित