देहरादून , जून 21 -- उत्तराखंड पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) एवं देहरादून पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में रविवार को अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रक पकड़ा गया है। इसमें रखी शराब पंजाब प्रान्त में बिकने के लिए है, जो अवैध रूप से उत्तराखंड में बेचने को लाई जा रही थी। ट्रक चालक पंजाब के मोहाली का रहने वाला है।
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि डीजीपी द्वारा राज्य में हरियाणा, पंजाब एवं दिल्ली से लाई जा रही अवैध शराब के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में आज एसटीएफ एवं थाना पटेलनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब से लाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब से भरे एक ट्रक को थाना पटेलनगर क्षेत्र में रोककर चेक किया।
तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 80 पेटी पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब बरामद हुई। ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में थाना पटेलनगर में अभियोग पंजीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि उक्त शराब मोहाली पंजाब से लायी गयी है तथा यहां पर फुटकर में बेची जानी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित