देहरादून , मार्च 30 -- उत्तराखंड में देहरादून के जोहड़ी गांव में सोमवार सुबह रोडरेज के दौरान हुई फायरिंग में प्रात:कालीन भ्रमण पर निकले एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई है।
देहरादून के पुलिस अधीक्षक , शहर प्रमोद कुमार ने बताया कि आज सुबह लगभग 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव में फायरिंग की सूचना मिली। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून समेत सभी अधिकारी राजपुर पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि मसूरी रोड पर मालसी के पास गाड़ी को पास न देने को लेकर एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो में सवार व्यक्तियों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद स्कॉर्पियो में सवार व्यक्तियों द्वारा फॉर्च्यूनर कार का पीछा किया और कार को रुकवाने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग कर दी।
तभी सड़क पर प्रात:कालीन भ्रमण पर निकले एक व्यक्ति को गोली लग गई, गोली लगने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना में फॉर्च्यूनर गाड़ी राजकीय प्राथमिक विद्यालय जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो में सवार व्यक्तियों ने फॉर्च्यूनर कार में सवार व्यक्तियों के साथ मारपीट करते हुए कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मारपीट की घटना में दो व्यक्ति घायल हो गए हैं, जिन्हें उनके साथी उपचार के लिए अस्पताल ले गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना में शामिल आरोपियों की तलाश में पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन अभियान चलाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित