देहरादून , मार्च 02 -- एपस्टीन फाइल में प्रधानमंत्री मोदी का और केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का नाम उजागर होने के बाद उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार को महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया।
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने राजपुर रोड स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन से घंटाघर, पलटन बाजार , तहसील चौक से होते हुए पार्टी मुख्यालय तक द पीएम इस कॉम्प्रोमाइज्ड लिखी टीशर्ट पहनकर विरोध प्रदर्शन करते हुए मार्च निकाला।
ज्योति रौतेला ने कहा कि एपस्टीन फाइल में प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री का नाम सामने आने की खबरें अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि अगर इन फाइलों में किसी भी प्रकार से उनका उल्लेख हुआ है तो देश की जनता के सामने पूरी सच्चाई आना जरूरी है। यह मामला केवल व्यक्तियों का नहीं बल्कि देश की गरिमा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख से जुड़ा है।
उन्होंने मांग किया कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए और जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित