देहरादून , अप्रैल 30 -- उत्तराखंड के देहरादून में बुधवार देर रात कार सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर दो लाख रूपये लूट लिए।

सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी बदमाशों ने फायरिंग कर दी जिससे पुलिस निरीक्षक घायल हो गया, जबकि पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया है। जिसकी बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृत बदमाश की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस अन्य बदमाशों की तलाश कर रही हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना प्रेमनगर पर कंट्रोलरूम/एमडीटी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि अज्ञात बदमाशों द्वारा एक व्यक्ति के साथ लूट की घटना की गई है। घटना के दौरान शिकायतकर्ता को गोली मारी गई है।

इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रेम नगर मय फोर्स के मौके पर पहुंचे तो उक्त घटना का पीड़ित घायल अवस्था में मिला। उसने अपना नाम देवराज बताते हुए जानकारी दी कि अभी-अभी कुछ बदमाशों द्वारा जो काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार थे, लूटपाट की घटना कर मुझे गोली मार कर विश्रांति की तरफ भागे हैं।

घायल ने पुलिस को बताया कि मेरे से छीने नीले रंग के बैग में मेरे दो लाख रुपए व एक मोबाइल, एक हिसाब किताब की डायरी व मेरी आईडी व अन्य कागजात थे, वो भी लूट लिए गए हैं। उक्त घायल को प्राथमिक उपचार देकर अपने साथ लेकर बताए गए रास्ते की तरफ जब बदमाशों का पीछा किया गया तो कुछ दूर जंगल मे काले रंग की गाड़ी जाती दिखाई दी। पीछा करने पर कार सवार पुलिस पर फायर करते हुए गाड़ी छोड़कर जंगल की तरफ को भाग गए। पीछा करने पर बदमाशों ने दुबारा पुलिस पर गोली चलाईं।

इस दौरान प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर नरेश राठौड़ गोली लगने से घायल हो गए। जबकि आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा फायरिंग में एक बदमाश भी गोली लगने से घायल हो गया। जबकि अन्य बदमाश अंधेरा का फायदा उठाकर जंगल में भाग गए, जिनकी तलाश जारी है।

घायल बदमाश तथा पीड़ित देवराज तथा प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर को उपचार के लिए प्राथमिक चिकित्सालय प्रेम नगर लाया गया जहां से तीनों को उपचार को हायर सेंटर रेफर किया गया है। भागे हुए बदमाशों की तलाश को सर्च ऑपरेशन जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित