देहरादून , जून 03 -- उत्तराखंड के देहरादून स्थित सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट परीक्षा पेपर लीक व सीबीएसई परीक्षा कापी जांच घोटाला व सीयूईटी परीक्षा में गड़बड़ी के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए बुधवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने लगभग एक घंटे तक दफ्तर के बाहर हाथों में केंद्र विरोधी नारे लिखीं तख्तियों को लेकर नारेबाजी की।
अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सदस्य और राज्य में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि नैतिकता के आधार पर धर्मेंद्र प्रधान को उसी वक्त त्यागपत्र दे देना चाहिए था जब नीट परीक्षा लीक की पुष्टि हुई। उन्होंने इसे बेशर्मी करार दिया और कहा कि सीबीएसई परीक्षा में व्यापक गड़बड़ी व सीयूईटी परीक्षा में भी धांधली के पुख्ता आरोप लगने के बाद भी केंद्रीय मंत्री प्रधान मंत्री बने हुए है। उन्होंने कहा कि इन सब विफलताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेने का उनमें नैतिक साहस नहीं है।
श्री धस्माना ने कहा कि अकेले नीट नहीं, देश के भाजपा शासित राज्यों में जो भी परीक्षाएं हो रही हैं उनमें कोई पारदर्शिता नहीं और नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा जिससे देश के भावी डाक्टर बनते हैं उस परीक्षा का पेपर लीक हो जाना अपने आप में एक बहुत बड़ा तमाचा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित