देहरादून , अक्तूबर 11 -- उत्तराखंड के जनपद देहरादून में जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया के कार्यक्रम की रविवार को घोषणा कर दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन 12 अक्तूबर को, नामांकन पत्रों की जांच 13 तथा नाम वापसी 14 अक्तूबर को होगी। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया 16 अक्तूबर को संपन्न कराई जाएगी।
डॉ चौहान ने बताया कि 12 अक्तूबर को पूर्वाह्न 11 से अपराह्न 4 बजे तक नामांकन किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 13 अक्तूबर को पूर्वाह्न 10 बजे से कार्य समाप्ति तक होगी। अभ्यर्थी 14 तारीख को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के तहत 16 अक्तूबर को पूर्वाह्न 8 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद इसी दिन अपराह्न 3 बजे से मतगणना प्रारंभ होकर कार्य समाप्ति तक चलेगी। मतगणना के उपरांत निर्वाचन अधिकारी द्वारा नियमानुसार निर्वाचन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला पंचायत मुख्यालय, संबंधित कार्यालयों तथा नगरीय निकायों के सूचना पट्टों पर सार्वजनिक सूचना प्रदर्शित करने को कहा गया है, ताकि निर्वाचन से संबंधित जानकारी आमजन तक पहुंच सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित