देहरादून , नवंबर 01 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस से हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। दोनों बदमाश हरिद्वार जनपद के रहने वाले हैं।रविवार को यह जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रवेंद्र डोभाल ने बताया कि कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने नया गांव इलाके में चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटर साइकिल सवार व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया। इस पर उसपर दोनों व्यक्ति मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा पीछा करने पर मोटर साइकिल सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। इससे पुलिस का सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस द्वारा किए गए जवाबी फायर में दोनों बदमाशों के पैर पर गोली लगी और घायल हो गए। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं, जो पूर्व में भी अपराधिक घटनाओं में जेल जा चुके हैं।

श्री डोभाल ने बताया कि मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों के विरुद्ध हरिद्वार तथा देहरादून में गैंगस्टर सहित विभिन्न आपराधिक घटनाओं के दर्जनों अभियोग पंजीकृत है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में घायल बदमाश समीम पुत्र इलियास निवासी मदरसे के पास बड़ी मस्जिद रामपुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार, आयु 35 वर्ष और शहजाद पुत्र इकलाख निवासी पम्पे के सामने कब्रिस्तान के पास रामपुर, रुड़की, हरिद्वार, आयु 40 वर्ष के खिलाफ पुलिस टीम पर किए गए जानलेवा हमले के संबंध में धारा 109(1) बीएनएस व 25(1-बी)(ए) शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित