देहरादून , जुलाई 28 -- उत्तराखंड में रेल संपर्क मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल को गति मिली है। राज्य सरकार की ओर से देहरादून को देश के अन्य प्रमुख शहरों से रेल सेवाओं के विस्तार और यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर रेल मंत्रालय ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री धामी को भेजे अपने पत्र में अवगत कराया है कि राज्य सरकार द्वारा पूर्व में भेजे गए प्रस्तावों, जिनमें देहरादून-कोटा नंदा देवी एक्सप्रेस का मुंबई तक विस्तार सहित अन्य महत्वपूर्ण रेल सेवाओं से जुड़े सुझाव शामिल हैं, पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।

श्री वैष्णव ने पत्र में कहा है कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए प्रस्तावों पर विस्तृत परीक्षण के बाद उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक पहल आगे बढ़ेगी। इस पर श्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड एक प्रमुख पर्यटन एवं तीर्थाटन वाला राज्य है, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। साथ ही बड़ी संख्या में राज्य के लोग देश के विभिन्न महानगरों, विशेषकर मुंबई एवं पश्चिम भारत में निवास करते हैं। ऐसे में रेल सेवाओं का विस्तार राज्यवासियों, यात्रियों, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

श्री धामी ने श्री वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राज्य सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे उत्तराखंड की रेल संपर्क व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी तथा प्रदेश के आर्थिक, पर्यटन एवं सामाजिक विकास को भी गति प्राप्त होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित