देहरादून , फरवरी 13 -- उत्तराखंड के मैदानी जिलों में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं, खासकर राजधानी में 15 दिन के भीतर पांच हत्या होने के बाद शुक्रवार को देहरादून के लंबे समय से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पद पर तैनात अजय सिंह सहित 18 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और दो प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) अधिकारियों के तबादले किये गये। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उच्चाधिकारियों के साथ गहन मंथन किया।
राज्य में हाल के दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने गंभीर रुख अपनाया है। उन्होंने पहले भी कानून-व्यवस्था की लगातार समीक्षा बैठकों के माध्यम से अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे और स्पष्ट किया था कि अपराध के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। हाल की घटनाओं के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को समयबद्ध तरीके से गिरफ्तार किया।
गृह विभाग के सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपराध की रोकथाम के लिए केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई ही नहीं, बल्कि पूर्व-निवारक रणनीति भी मजबूत की जाए। इसी क्रम में पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक तबादले किए गए हैं। यह कदम पुलिस व्यवस्था को और अधिक सक्रिय, जवाबदेह और प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया है। बताया गया कि मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से मुखबिर तंत्र को मजबूत करने, अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने तथा आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने पर जोर दिया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि आमजन बिना किसी भय के पुलिस के पास अपनी शिकायत लेकर जाएं और उन्हें त्वरित न्याय मिले।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित