वृंदावन , मई 26 -- अखिल भारतीय किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर हिमांगी सखी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के वृंदावन आगमन पर कहा कि देश अब सांस्कृतिक पुनरुत्थान की डगर पर चल पड़ा है।
वृंदावन में बातचीत के दौरान हिमांगी सखी ने देश और उत्तर प्रदेश के नेतृत्व की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा आज देश में सनातन धर्म लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जो कार्य कर रहे हैं वह किसी से छुपे नहीं है ।
धार्मिक स्थलों के कायाकल्प पर जोर देते हुए महामंडलेश्वर ने कहा कि अब काशी करवट ले चुकी है और अयोध्या में भव्य मंदिर बनाकर प्रभु श्री राम लाल विराजमान हो चुके हैं और अब अगला नंबर मथुरा का है मथुरा की पावन भूमि की बारी अब आ चुकी है।
उन्होंने किन्नर समाज की भूमिका को बताते हुए कहा कि कुछ लोग भ्रम फैलाते हैं लेकिन असलियत यह है कि किन्नर समाज आदिकाल से ही सनातन धर्म का एक अभिन्न अंग रहा है। उन्होंने रामायण काल का प्रसंग सुनाते हुए कहा जब भगवान श्री राम 14 वर्ष का वनवास पूरा कर अयोध्या वापस लौटे थे तब उन्होंने किन्नर समाज को विशेष वरदान दिया था। हम हमेशा से अखाड़ों परंपराओं और धर्म से जुड़े रहे हैं उज्जैन की महाकाल नगरी में हमारा अखिल भारतीय किन्नर अखाड़ा हमेशा सक्रिय रहकर धर्म की ध्वजा फैला रहा है।
सनातन धर्म पर अंगुली उठाने वाले विरोधियों को कड़ा संदेश देते हुए हिमांगी सखी ने कहा कि यह धर्म आदि अनादि काल से है और हमेशा रहेगा। इस दुनिया की कोई ताकत मिटा नहीं सकती। उन्होंने दो टूक कहा जो लोग सनातन धर्म को मिटाने की बड़ी बड़ी बातें करते हैं वह इतिहास के पन्नों में खुद व खुद मिट जाएंगे।
हिमांगी सखी ने मुस्लिम समाज से अपील की वह घर के अंदर नमाज अदा करें, सड़कों पर नहीं करें, तय सीमा में नमाज करें जिससे किसी को परेशानी न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित