नई दिल्ली , मार्च 22 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने वाले नेता बन गए हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने आज सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिन के रिकॉर्ड को पार करते हुए एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की ।
श्री सिंह ने कहा कि सरकार के प्रमुख के रूप में सार्वजनिक पद पर 8,931 दिनों के साथ, प्रधानमंत्री मोदी अब भारत में किसी सरकार के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रमुख बन गए हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि राष्ट्र और उसके लोगों के प्रति समर्पण ही प्रधानमंत्री मोदी की पहचान है। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके अटूट संकल्प से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में उनके समर्पित नेतृत्व तक, उनका जीवन निरंतर सेवा की एक यात्रा रहा है।
श्री सिंह ने कहा कि यह क्षण राष्ट्र-प्रथम शासन के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता, कार्य में ईमानदारी और हर नागरिक की अथक सेवा की भावना को दर्शाता है।
श्री मोदी 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने लगातार चार बार 2001, 2002, 2007 और 2012 में गुजरात की कमान संभाली।
इसके बाद वह 26 मई 2014 को भारत के प्रधानमंत्री बने और और इसके बाद से अभी तक यह जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित