नयी दिल्ली , मार्च 16 -- सरकार ने लोकसभा में सोमवार को कहा कि देश में लगातार रोजगार बढ़ रहा है और बेरोजगारी कम हो रही है।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने एक पूरक प्रश्न के जवाब में कहा कि देश में लगातार रोजगार बढ़ रहा है और बेरोजगारी कम हो रही है। उन्हाेंने कहा कि किसी भी देश की अर्थव्यवस्था बढ़ती है तो रोजगार सृजन होता है। देश में स्व रोजगार बढा है जो 2017-18 में 52 प्रतिशत था वह बढकर 58 प्रतिशत हुआ है। देश की अर्थव्यवस्था बढ़ने से लोगों की आय में बढोतरी हुई है। नियमित वेतन पर काम करने वाले श्रमिकों की संख्या में बढोतरी हुई है।
उन्होंने कहा कि अस्थायी श्रमिक 2017-18 में 24 प्रतिशत था वह अब 19 प्रतिशत हो गया क्योंकि अस्थायी श्रमिक औपचारिक श्रमिक (कैजुअल वर्कर फार्मल वर्कर) में तब्दील हो गया। यह अर्थव्यवस्था में वृद्धि को बताता है। सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की वजह से लोगों के जीवन स्तर में लगातार सुधार हो रहा है।
उन्होंने एक अन्य पूरक प्रश्न के जवाब में कहा कि न्यूनतम वेतन सरकार तय करती है। उन्होंने कहा कि नए श्रम संहिता के तहत मासिक वेतन पाने वाले श्रमिकों को नियुक्ति पत्र देना अनिवार्य किया गया है ताकि उसे अन्य सुविधाओं का लाभ मिल सके ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित