जयपुर , मार्च 24 -- राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने देशभर में गैस की किल्लत से लोगों को परेशानी का कारण केन्द्रीय सरकार की गलत विदेश नीति को बताते हुए कहा है कि सदियों से मित्र राष्ट्र ईरान से संबंध तोडक़र अमेरिकी राष्ट्रपति के दबाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इजरायल चले गये जिससे ईरान आज भारत को दुश्मन देश की नजर से देख रहा है और वहां से रसोई गैस एवं पेट्रोल-डीजल प्राप्त करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

श्री डोटासरा मंगलवार को यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, जयपुर पर अग्रिम संगठनों तथा कांग्रेस के विभाग एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं संयोजकों की बैठक के अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि यह भारत सरकार की गलत विदेश नीति का ही परिणाम है कि रसोई गैस की कमी के कारण ना सिर्फ आम उपभोक्ता परेशान है बल्कि प्रदेश के टाईप, प्रिटिंग, सिरेमिक और उर्वरक जैसे उद्योग या तो बंद हो गये हैं अथवा उनका काम कम हो गया है, जिस कारण हजारों प्रदेश के लोग बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रसोई गैस की कमी के कारण लोगों के विवाह समारोह निरस्त हो गये, देशभर में रसोई गैस पर आधारित उद्योगों के बंद होने से कोरोना महामारी के समय की स्थिति बन गई है और हजारों मजदूर अपने-अपने गृह क्षेत्रों में पलायन करने के लिये मजबूर हो गये हैं। कांग्रेस पार्टी रसोई गैस की किल्लत से परेशान आमजन की आवाज डबल इंजन की भाजपा सरकार तक पहुंचाने के लिये जयपुर में 27 मार्च को शहीद स्मारक पर बड़ा विरोध-प्रदर्शन कर सरकार को नींद से जगाने का कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि युद्ध के कारण उत्पन्न संकट के समय डबल इंजन की भाजपा सरकार को देश और प्रदेश की जनता के समक्ष कोई कठिनाई ना आये, इस पर ध्यान देना चाहिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित