सिरसा , अक्टूबर 10 -- हरियाणा में सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने दिल्ली और प्रदेश में कांग्रेस नेताओं तथा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी-शाह सरकार देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात पैदा कर रही है और लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
सुश्री सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक संघर्ष कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग से मिलने जा रहे विपक्षी सांसदों को आकाशवाणी भवन के बाहर रोक दिया गया। निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने से रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।
उन्होंने कालांवाली के विधायक शीशपाल सिंह केहरवाला सहित अन्य कांग्रेस नेताओं को दिल्ली जाते समय हिरासत में लिए जाने की निंदा की। सैलजा ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है और राजनीतिक विरोध का जवाब गिरफ्तारी के बजाय संवाद से दिया जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित