नयी दिल्ली , मई 27 -- देश में गर्मी की विकरालता चरम पर है और कहर बरपा रही लू के मद्दनेजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से सावधानी बरतने और सभी मंत्रालयों से जनता को गर्मी तथा लू से बचाने के लिए हर संभव उपाय करने का आह्वान किया है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंचने के बाद मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राष्ट्रीय राजधानी सहित देश के ज्यादातर हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं।

मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार महाराष्ट्र का विदर्भ क्षेत्र देश के सबसे अधिक गर्म इलाकों में बना हुआ है। ब्रह्मपुरी में तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस और नागपुर में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के वर्धा, अमरावती और चंद्रपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और अगले दो दिनों तक गंभीर हीटवेव की चेतावनी दी है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और तेलंगाना के कई हिस्सों में भी लू से गंभीर लू की स्थिति बनी रहेगी। पश्चिम राजस्थान और मध्य भारत के कुछ क्षेत्रों में तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। तेलंगाना के 10 जिलों में भी हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

इस बीच प्रधानमंत्री ने देश में प्रचंड गर्मी और लू के दौर को देखते हुए देशवासियों से सावधानी बरतने और सभी मंत्रालयों से जनता को गर्मी और लू से बचाने के लिए हर संभव उपय करने का आह्वान किया है। उन्होंने लोगों से लू और गर्मी से बचने के लिए पूरी सावधानी बरतने और अपने साथ साथ दूसरे लोगों का भी ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने लोगों से पशु-पक्षियों के लिए भी घरों , दफ्तरों और दुकानों के बाहर बर्तन में पानी रखने की अपील की तथा लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, बाहर निकलते समय पानी साथ रखने और अत्यधिक गर्मी की स्थिति में दूसरों को पानी देकर उनकी मदद करने का सुझाव दिया है।

पिछले एक पखवाड़े से प्रचंड गर्मी और लू का सामना कर रहे उत्तर प्रदेश में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में कहीं लू तो कहीं तेज आंधी, गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर उष्ण लहर से लेकर भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है , वहीं कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जतायी है। किसानों को फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। लोगों को समय-समय पर मौसम अपडेट और बिजली गिरने की चेतावनी के लिए "मौसम", "मेघदूत" और "दामिनी" ऐप का उपयोग करने की सलाह भी दी गयी है।

छत्तीसगढ़ में नौतपा के दौरान भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है तथा कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है तथा अगले तीन दिनों तक भी यही स्थिति बनी रहेगी। भीषण गर्मी की वजह से राज्य के खैरागढ़ जिले के दल्लीखोली-लछना जंगल में मोर, मोरनी, एशियन पाम सिवेट समेत 15 से 20 वन्यजीव और पक्षी मृत पाए गए हैं। वहीं कांकेर जिले के सरोना गांव में लू के कारण करीब 500 चमगादड़ों की मौत की जानकारी सामने आई है। इससे पहले कोरबा जिले के पाली क्षेत्र में भी लगभग 200 चमगादड़ मृत मिले थे।

खैरागढ़ वन मंडल के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) पंकज राजपूत ने आशंका जताई है कि भीषण गर्मी और लू के चलते इन वन्यजीवों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि सभी मृत वन्यजीवों का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। दक्षिण बिहार से उत्तर आंध्र प्रदेश तट तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जबकि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है। इन मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से 29 मई से राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अनुमान है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं , हालांकि तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित