अलवर , अक्टूबर 27 -- राजस्थान में विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि देश के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
श्री जूली ने मंगलवार को यहां पत्रकारों से भाजपा की राजनीति, दिल्ली में प्रस्तावित रैली, संविधान के प्रति विचारधारा और राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना जरूरी है और इनसे जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस अपनी आवाज उठाती रहेगी।
उन्होंने दिवाली और भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राम मंदिरों में चंदे के दुरुपयोग जैसे मामले सामने आये हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था लोगों के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन धर्म के नाम पर राजनीति और चंदे से जुड़ी कथित अनियमितताओं पर भी सवाल उठने चाहिए।
दिल्ली में प्रस्तावित रैली और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के मुद्दे पर श्री जूली ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से लोग अपनी जरूरतों और खरीदारी के लिए दिल्ली आते हैं, लेकिन जब बड़ी संख्या में लोग एकजुट होने की बात होती है तो भाजपा सरकार विवाद खड़ा करती है। उन्होंने दावा किया कि सरकार को आशंका है कि दिल्ली में 10 लाख से अधिक लोग एकत्र हो सकते हैं। यह आरोप लगाते हुए उन्होंने रैली को लेकर पैदा किए जा रहे विवाद पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस की विचारधारा संविधान की मूल भावना के अनुरूप नहीं है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा तैयार किए गए संविधान का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान को कमजोर करने की कोशिशें देश के लोकतांत्रिक ढांचे के लिए चिंता का विषय हैं।
श्री जूली ने '400 पार' के नारे और संविधान बदलने की आशंकाओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश की संवैधानिक व्यवस्था और सामाजिक समरसता को सुरक्षित रखना आवश्यक है।
उन्होंने राजस्थान में जिला प्रमुखों और नगर निकायों के चुनाव समय पर नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। बहरोड़ का उदाहरण देते हुए श्री जूली ने ग्राम पंचायतों और नगर निकायों के चुनावों में कथित धांधली और नियमों की अनदेखी के आरोप लगाए। जूली ने दावा किया कि उनके पास इन मामलों से संबंधित साक्ष्य हैं और कांग्रेस इसमुद्दे को विधानसभा से लेकर अदालत तक उठाएगी। उन्होंने कहा कि मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई कीमांग की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित