नयी दिल्ली , जून 24 -- राजधानी के प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (पीसीआई) सहित देश के आठ प्रमुख प्रेस क्लबों ने प्रेस-स्वतंत्रता और पत्रकार सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर 'फेडरेशन ऑफ प्रेस क्लब्स' नाम से एक नया फोरम बनाया है।
इसके संस्थापक सदस्यों में प्रेस क्लब ऑफ इंडिया, मुंबई प्रेस क्लब, प्रेस क्लब कोलकाता, प्रेस क्लब हैदराबाद, चंडीगढ़ प्रेस क्लब, स्टेट प्रेस क्लब मध्य प्रदेश, गुवाहाटी प्रेस क्लब और अगरतला प्रेस क्लब शामिल हैं। फेडरेशन की एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इसे सोसायटी रजिस्ट्रेशन अधिनियम, 1860 के तहत पंजीकृत कराया गया है। फेडरेशन की संचालन-परिषद की पहली बैठक मंगलवार को पीसीआई में हुई।
विज्ञप्ति के अनुसार फेडरेशन की दस सदस्यीय इस संचालन परिषद में अध्यक्ष का कार्यभार दिल्ली प्रेस क्लब के सदस्य और इसके पूर्व अध्यक्ष गौतम लाहिडी को दिया गया है। श्री सौरभ दुग्गल इस नये निकाय के महासचिव और श्री नीरज ठाकुर कोषाध्यक्ष बनाये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित