जयपुर , जुलाई 26 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को आमजन को प्रेरित करने और जनभागीदारी को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा है कि इससे देश के अनसुने नायकों को राष्ट्रीय पहचान मिलने लगी हैं।
श्री भजनलाल ने रविवार को जयपुर के सांगानेर में आदिवासी समाज की महिलाओं के श्री मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' की 136वीं कड़ी को सुनने के अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि 'मन की बात' देश के करोड़ों नागरिकों को सकारात्मक सोच, राष्ट्र निर्माण और जनभागीदारी से जोड़ने का माध्यम बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री प्रत्येक माह देश के दूर-दराज़ क्षेत्रों में समाज, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, नवाचार और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सामान्य नागरिकों की प्रेरक कहानियों को पूरे देश के सामने लाते हैं। इससे सेवा, समर्पण और नवाचार की संस्कृति को नई ऊर्जा मिलती है।
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं के सशक्तीकरण, देश के महापुरुषों के आदर्शों, युवाओं की भूमिका तथा विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी के महत्व पर विशेष बल दिया। इसके साथ ही आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक से राष्ट्रभक्ति के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने तथा 9 अगस्त से 14 अगस्त तक आयोजित होने वाले 'हर घर तिरंगा' अभियान और तिरंगा यात्राओं से जुड़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'मन की बात' देश के अनसुने नायकों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का एक प्रभावी मंच बन गया है। किसी दूरस्थ गांव के शिक्षक, स्वयंसेवी संस्था, महिला स्वयं सहायता समूह, किसान, युवा या सामाजिक संगठन द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों का प्रधानमंत्री उल्लेख करते हैं। इससे ऐसे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिलती है और देश भर के लोगों को समाज हित में आगे बढ़कर कार्य करने की प्रेरणा प्राप्त होती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संवाद प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व, सामाजिक सरोकार और जनसेवा की भावना को मजबूत करता है। 'मन की बात' के माध्यम से देश के कोने-कोने में हो रहे सकारात्मक कार्यों को राष्ट्रीय मंच मिलता है, जिससे विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण में जनभागीदारी और अधिक मजबूत होती है।
मुख्यमंत्री ने सांगानेर कैंप कार्यालय में भी 'मन की बात' कार्यक्रम में पहुंचकर आमजन से संवाद किया और डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि यमुना जल समझौता और जयपुर मेट्रो द्वितीय चरण जैसे ऐतिहासिक प्रोजेक्ट्स पर काम तेजी से चल रहा है। प्रदेश जल आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है। वहीं, राजस्थान पिछले तीन महीनों से अन्य राज्यों को बिजली आपूर्ति कर रहा है। सड़क निर्माण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राजस्थान को देश में प्रथम स्थान मिला है।
उन्होंने युवाओं के संदर्भ में कहा कि एक लाख 78 हजार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं और एक लाख पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। बिना किसी पेपर लीक के पारदर्शिता के साथ परीक्षाएं आयोजित की गई हैं। इस दौरान उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित कई जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित