भागलपुर, अक्टूबर 15 -- िहार में भागलपुर जिले के उप विकास आयुक्त रवि राकेश गुरुवार को कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और इसकी सभ्यता के विकास में कृषि की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। श्री राकेश ने आज यहां जिला कृषि विभाग की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष एवं महिला किसान दिवस समारोह-सह- कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा किजब तक कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव नहीं आएगा, तब तक उद्योगों के विकास की मजबूत नींव नहीं रखी जा सकती है।
उन्होंने बदलते कृषि परिवेश में किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ केला, मक्का, मखाना एवं स्वीट कॉर्न जैसी फसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को बाजार की मांग को ध्यान में रखकर खेती करनी चाहिए।
श्री राकेश ने कहा कि खेती में जैविक एवं प्राकृतिक खादों के उचित उपयोग पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। इसके लिए कृषि विभाग की ओर से किसानों को कई तरह के प्रशिक्षण दिया जा रहा है। किसानों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ लेना चाहिए।
प्रमंडलीय संयुक्त निदेशक (शस्य) श्याम बिहारी सिंह ने निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्यक्षण के लिए आवश्यक इनपुट की सूची तैयार की जाए तथा एक प्रखंड एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक को उसका नोडल बनाया जाए, जो प्रत्यक्षण से संबंधित सभी इनपुट की उपलब्धता एवं वितरण तथा कार्यों की जिम्मेदारी निभाएँ। प्रत्यक्षण में फसल के अनुसार आवश्यक बीज, जैविक खाद एवं जैव उर्वरक शामिल किए जा सकते हैं। उन्होंने सभी किसान सलाहकार एवं कृषि समन्वयकों से कहा कि अधिक से अधिक किसानों के मोबाइल में बिहार कृषि ऐप डाउनलोड कराएँ, जिससे किसान कृषि विभाग की सभी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
जिला कृषि पदाधिकारी प्रेम शंकर प्रसाद ने कहा कि भारत किसानों का देश है। यहाँ के खेत-खलिहान हमारी पहचान, हमारी विरासत एवं हमारी धरोहर हैं। इस विरासत को हमें बचाना होगा। हमारे किसान हमारे प्रेरणास्रोत हैं। उनकी खुशहाली और हरियाली लाना हमलोगों का परम दायित्व है। इस दायित्व के निर्वहन के लिए हमलोगों को इस गति से कार्य करना चाहिए कि 38 जिलों में भागलपुर का स्थान सबसे अलग हो।
अंत में बिहार कृषि विश्वविद्यालय की कृषिवैज्ञानिक श्रीमती अनिता कुमारी, डॉ. स्नेहा शिखा एवं डॉ. गायत्री कुमारी के द्वारा किसानों एवं कृषि पदाधिकारियों को तकनीकी जानकारी दी गई। कार्यशाला में जिले के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में किसान एवं कृषि सलाहकार उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित