नयी दिल्ली , मार्च 23 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शहीदी दिवस के मौके पर सोमवार को अमर शहीद भगत सिंह , राजगुरु और सहदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि इन वीर सपूतों ने देश की खातिर हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दे दी।
शहीदी दिवस के मौके पर दिल्ली भाजपा कार्यालय में आज श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें महामंत्री एवं सांसद योगेन्द्र चांदोलिया, मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल, प्रवक्ता यासिर जिलानी, सह कार्यालय मंत्री अमित गुप्ता और स्थानीय दिल्ली गेट मंडल अध्यक्ष राकेश वर्मा, सीताराम बाजार मंडल प्रेम चंद सैनी एवं चांदनी महल मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता सम्मिलित हुए।
इस मौके पर श्री सचदेवा ने कहा, " कि शहीद भगत सिंह, सुखदेव जी और राजगुरु जी भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर नायक हैं। उन्होंने अपनी मातृभूमि के लिए हंसते-हंसते प्राण न्योछावर कर दिये। इन तीनों क्रांतिकारियों ने 'इंकलाब जिंदाबाद' के नारों से ब्रिटिश साम्राज्य की नींव हिला दी थी और 23 मार्च 1931 को लाहौर जेल में उन्हें फांसी दी गयी, जिसे आज हम 'शहीद दिवस' के रूप में मनाते हैं। "उन्होंने कहा कि उनका बलिदान केवल एक राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि देश के युवाओं के लिए देशभक्ति की एक मशाल थी। आज भी उनका साहस और वैचारिक स्पष्टता करोड़ों भारतीयों को प्रेरित करती है। इन महान सपूतों का बलिदान इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित