मुंबई , अप्रैल 17 -- देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में 3.825 अरब डॉलर बढ़कर 700.946 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

विदेशी मुद्रा का देश का भंडार चार सप्ताह बाद एक बार फिर 700 अरब डॉलर के पार पहुंचा है। इससे पहले 03 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में यह 9.063 अरब डॉलर बढ़कर 697.121 अरब डॉलर पर रहा था।

रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 10 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों का योगदान 3.127 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 555.983 अरब डॉलर हो गया। इसमें अमेरिका डॉलर के अलावा जापानी येन, ब्रितानी पाउंड और यूरो भी शामिल हैं जिनका मूल्य निर्धारण डॉलर की तुलना में उनके विनिमय दर के आधार पर किया जाता है।

आलोच्य सप्ताह में देश का स्वर्ण भंडार 60.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 121.343 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित