पन्ना , सितंबर 28 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में पुलिस ने 72 लीटर अवैध देशी शराब तथा 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 40 हजार रुपये कीमत की अवैध शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त करीब सात लाख रुपये कीमत की बलेनो कार जब्त की गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बलेनो कार में तीन व्यक्ति अवैध शराब लेकर गुनौर की ओर जा रहे हैं और वाहन चालक के पास अवैध कट्टा भी है। सूचना पर थाना प्रभारी गुनौर बलबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बराछ रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी की।

कुछ समय बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार बलेनो कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर डिग्गी में देशी मदिरा प्लेन की आठ पेटियां मिलीं। प्रत्येक पेटी में 50-50 क्वार्टर थे। इस तरह कुल 400 क्वार्टर में करीब 72 लीटर अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है।

वाहन चालक प्रिंस वर्मा की तलाशी लेने पर उसकी कमर के पीछे 315 बोर का देशी कट्टा मिला। कट्टे की जांच करने पर उसमें एक जिंदा कारतूस लगा पाया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 307/2026 में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत प्रकरण दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित