पटना , फरवरी 28 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को भारत के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के 63वें निर्वाण दिवस के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के 63वें निर्वाण दिवस के अवसर पर राष्ट्र ने उन्हें शत्-शत् नमन किया और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित की।

राजधानी पटना में देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के 63वें निर्वाण दिवस के अवसर पर मुख्य राजकीय समारोह महाप्रयाण घाट (बांस घाट) स्थित उनके समाधि के निकट आयोजित की गई, जहाँ मुख्यमंत्री श्री कुमार ने देशरत्न की समाधि पर पुष्प-चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने समाधि की परिक्रमा कर उन्हें नमन भी किया। भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की ओर से बिहार लोक भवन सचिवालय के अपर सचिव, उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन की ओर से जिला दंडाधिकारी पटना, भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से आयुक्त पटना प्रमण्डल ने देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की समाधि पर पुष्प-चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सांसद सह जनता दल यूनाइटेड (जदयू)के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, विधायक श्याम रजक, पूर्व विधायक अरूण कुमार सिन्हा, राज्य नागरिक परिषद् के महासचिव अरविंद कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें शत्-शत् नमन किया और श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष पराशर, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा उपस्थित थे।

इस अवसर पर बिहार सैन्य पुलिस द्वारा शोक सलामी दी गई तथा दो मिनट का मौन रखकर तमाम उपस्थित लोगों ने देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद को याद किया एवं उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित