चंडीगढ़ , मई 20 -- ऑल इंडिया ऑर्गनाइज़ेशन ऑफ़ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर बुधवार को देशभर में दवा कारोबारियों ने हड़ताल की। ई-फार्मेसी और ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में करीब 15 लाख केमिस्ट और ड्रगिस्ट अपनी दुकानें बंद रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि ऑनलाइन फार्मेसी और ई-कॉमर्स कंपनियों के बढ़ते कारोबार से छोटे मेडिकल स्टोरों के अस्तित्व और रोजगार पर खतरा पैदा हो गया है। दवा व्यापारियों ने ऑनलाइन दवाओं की बिक्री और होम डिलीवरी पर रोक लगाने की मांग की है।

हड़ताल के कारण देशभर में करीब 12 से 15 लाख मेडिकल स्टोर और होलसेल दवा वितरक बंद रहने की संभावना है। आम लोगों को हालांकि राहत देने के लिए अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों से जुड़े मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे। आर्गनाइजेशन ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरी दवायें पहले ही खरीद लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो। व्यापारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित