नयी दिल्ली , जून 16 -- जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने मंगलवार को नौवें जिला कलेक्टर पेयजल संवाद का आयोजन किया, जिसमें जल जीवन मिशन (जेजेएम) 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन और राज्यों के सफल अनुभवों को साझा करने पर जोर दिया गया।
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अशोक के.के. मीणा की अध्यक्षता में आयोजित इस संवाद में राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के अतिरिक्त सचिव एवं मिशन निदेशक कमल किशोर सोअन सहित विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारियों ने भाग लिया।
श्री मीणा ने कहा कि जेजेएम 2.0 का लक्ष्य अब केवल आधारभूत ढांचे के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण जलापूर्ति प्रणालियों की विश्वसनीय सेवा, स्थिरता और सामुदायिक स्वामित्व सुनिश्चित करना है। जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की नियमित बैठकों, जल सेवा आंकलन और जल अर्पण समारोहों पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि बैठक में 16वें वित्त आयोग के अनुदानों के प्रभावी उपयोग पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जल एवं साफ-सफाई की सुविधा के लिए करीब 1.74 लाख करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित