औरंगाबाद, नवंबर 16 -- औरंगाबाद जिले के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल देव स्थित पौराणिक सूर्यकुंड में छठ महापर्व के अवसर सोमवार सुबह करीब 10 लाख छठव्रतियों और श्रद्धालुओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाला लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न हो गया।

इस अवसर पर देव का त्रेतायुगीन सूर्य मंदिर आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मंदिर में भगवान भास्कर के दर्शन-पूजन और अर्चना के लिए महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। श्रद्धालु बारी-बारी से भगवान सूर्य का दर्शन कर पूजा-अर्चना करते रहे। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान समेत बिहार और झारखंड के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे व्रतियों ने सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर अपना अनुष्ठान पूरा किया।

मेला क्षेत्र और मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा मेला क्षेत्र में कैंप कर विधि-व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित