श्रीगंगानगर , मई 16 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में चूनावढ़ कोठी स्थित सेठ सांवरा मंदिर में शनिवार को देव पितृ शनि अमावस्या के उपलक्ष्य में मेला लगा।
मेले में सांवरे भक्तों का भारी उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों के अलावा दिल्ली, जयपुर, गुड़गांव और पंजाब सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेले में पहुंचे। कई भक्त निशान ध्वजा यात्राएं लेकर भी मंदिर पहुंचे। इस अवसर पर सांवरे सेठ का विशेष एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया।
सेवादार अनिल सरावगी ने बताया कि मेले की तैयारियां एक सप्ताह पहले से ही शुरू कर दी गई थीं। रामावतार लीला एवं भूप सहारण ने बताया कि बच्चों की छुट्टियों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।
सुबह सात बजे से शुरू हुए सेवा कार्यों के दौरान गौमाता को फल, दलिया एवं हरे चारे की 21 सवामणियां अर्पित की गईं। इसके बाद सुबह साढ़े नौ बजे से संकीर्तन प्रारंभ किया गया। भंडारेमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित