नयी दिल्ली , मार्च 31 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने मंगलवार को नवनियुक्त उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू से औपचारिक मुलाकात कर उन्हें पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी।
इस अवसर पर श्री यादव ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्हें पौधा भेंट किया। उन्होंने उपराज्यपाल से दिल्ली की ज्वलंत समस्याओं को उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकताएं अलग हो सकती हैं, लेकिन उपराज्यपाल को पूरी दिल्ली के समग्र विकास पर ध्यान देना चाहिए।
श्री यादव ने विशेष रूप से दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण का मुद्दा उठाते हुए सर्किल रेट 55 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए जमीन ही आजीविका का प्रमुख साधन है और अधिग्रहण के बाद उनका रोजगार समाप्त हो जाता है। उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, जल संकट, वायु प्रदूषण, यमुना की सफाई, खराब सड़कों और डीटीसी बसों की कमी जैसे मुद्दों पर भी चिंता जताई।
उपराज्यपाल ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए दिल्ली के विकास और नागरिकों के हित में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित