चंडीगढ़ , मई 31 -- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने करनाल जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में रविवार को देवी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने अपना संपूर्ण जीवन समाज, राष्ट्र और संस्कृति की सेवा के लिए समर्पित किया तथा कठिन परिस्थितियों में भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर संघर्ष, नारी सशक्तिकरण और सुशासन की प्रतीक थीं। उनके कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि महापुरुष किसी एक जाति या वर्ग के नहीं, बल्कि पूरे समाज और मानवता की धरोहर होते हैं। उनकी जयंती मनाने का उद्देश्य समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देना है।
हरविंदर कल्याण ने युवाओं से महापुरुषों के आदर्शों, सेवा भाव और मेहनत को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, ईमानदारी और परिश्रम के बल पर जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित