देवास , अक्टूबर 20 -- मध्यप्रदेश में देवास जिले के राजोदा गांव में मंगलवार सुबह जवारा विसर्जन के दौरान मधुमक्खियों के हमले में करीब 40 लोग घायल हो गए। इनमें से 11 लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक को बेहतर उपचार के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, जवारा विसर्जन के दौरान करीब 200 लोग कुएं के आसपास मौजूद थे। इसी बीच पांच-छह लोग नहाने के लिए कुएं में उतरे। कुएं के ऊपर पीपल के पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था। नहाने के दौरान पानी के छींटे छत्ते पर पड़ने से मधुमक्खियों का झुंड भड़क गया और लोगों पर हमला कर दिया।

हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल संतोष पाटीदार के अनुसार, लोग मधुमक्खियों से बचने के लिए करीब दो किलोमीटर तक भागे। कुछ लोगों ने नीम की डालियों की मदद से बचाव किया, जबकि अन्य जाली के भीतर छिप गए।

ग्रामीणों ने कई घायलों को गांव में ही प्राथमिक उपचार दिया। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. शरद वीरपरा ने बताया कि अस्पताल लाए गए 11 घायलों में कान्हा नामक युवक की हालत गंभीर थी। उसके शरीर से 200 से अधिक डंक निकाले गए, जिसके बाद उसे इंदौर रेफर किया गया। अन्य घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित