भोपाल , जून 15 -- मध्यप्रदेश पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत देवास और इटारसी में दो महत्वपूर्ण मामलों का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय चेन चोरी गिरोह के सात सदस्यों तथा ट्रेनों में चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल लगभग 58 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार देवास पुलिस ने अंतर्राज्यीय चेन चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह में चार महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से नौ सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त वाहन, मोबाइल फोन और नगदी सहित लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरोह ने पिछले 15 दिनों में आगरा, ग्वालियर, शिवपुरी, भेड़ाघाट और देवास में चेन चोरी की नौ घटनाओं को अंजाम दिया था। देवास में 10 जून को हुई चोरी की घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच दल गठित कर कार्रवाई शुरू की।
देवास पुलिस ने 'त्रिनेत्रम' अभियान के तहत शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों तक पहुंच बनाई। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि सभी आरोपी मूल रूप से तमिलनाडु के निवासी हैं और दक्षिण दिल्ली में रहकर देश के विभिन्न राज्यों में धार्मिक आयोजनों के दौरान चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह की महिला सदस्य श्रद्धालु बनकर भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों में शामिल होती थीं और महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी कर लेती थीं, जबकि पुरुष सदस्य निगरानी और परिवहन का कार्य करते थे।
इधर, शासकीय रेल पुलिस इटारसी ने राजधानी एक्सप्रेस में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रेल पुलिस भोपाल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार छह मई को राजधानी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे कर्नाटक निवासी यात्री के परिवार का हैंडबैग चोरी हो गया था। बैग में सोने का मंगलसूत्र, मोबाइल फोन, टैबलेट और अन्य सामान रखा हुआ था।
जांच के दौरान भोपाल, रानी कमलापति और इटारसी रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज तथा तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने का मंगलसूत्र, मोबाइल फोन, टैबलेट सहित लगभग आठ लाख 52 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की। मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से धार्मिक आयोजनों, मेलों, सार्वजनिक स्थलों और रेल यात्राओं के दौरान अपने कीमती सामान एवं आभूषणों की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित