शिवहर , सितंबर 18 -- बिहार में पूर्वी चम्पारण जिले के पताही अंचल के अंतर्गत आने वाले देवापुर संगम स्थल-घाट पर भाद्रपद माह के त्रयोदशी एवं अनंत चतुर्दशी के अवसर पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मेले के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावनाओं, आवश्यक तैयारियों एवं आपदा प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी प्रतिभा रानी द्वारा बेलवा डैम एवं आसपास के स्थलों का सघन निरीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी द्वारा सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थल पर एनडीआरएफ ,एसडीआरएफ, गोताखोरों तथा सहायक आपदा पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया गया है।

बागमती प्रमंडल, शिवहर को निर्देश दिया गया है कि वे मेला स्थल और डैम के आसपास सतत निगरानी रखें। अधिकारियों को सख्त आदेश दिया गया है कि बागमती नदी के जलस्तर में होने वाली किसी भी संभावित वृद्धि पर पैनी नजर रखी जाए।

निरीक्षण के दौरान स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर कार्यपालक अभियंता बागमती, विशेष कार्य पदाधिकारी , अनुमंडल पदाधिकारी एवं सहायक आपदा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।

जिला प्रशासन मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित