भिण्ड , नवम्बर 08 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार अनुभाग के रावतपुरा थाना क्षेत्र के चिरावली गांव में पत्नी को चचेरे देवर के साथ हंसी-मजाक करते देख पति नाराज हो गया। विवाद बढ़ने पर उसने चचेरे भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों के बीच हो रही मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंची गर्भवती पत्नी भी घायल हो गई। उसके पेट में चोट आई है। पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की है। चिरावली निवासी रवि रजक अपनी चचेरी भाभी हेमलता के पास बैठा था। हेमलता खाना बना रही थी और दोनों के बीच हंसी-मजाक चल रहा था। इसी दौरान उसका पति विवेक रजक वहां पहुंच गया। पत्नी और चचेरे भाई को हंसी-मजाक करते देख वह नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। रवि ने विरोध किया तो विवेक ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों को लड़ते देख हेमलता बीच-बचाव करने पहुंची, तभी उसके पेट में चोट लग गई। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
रावतपुरा थाना प्रभारी परशुराम अहिरवार ने बताया कि परिवार के सदस्य एक ही घर में संयुक्त रूप से रहते हैं। मामूली विवाद में मारपीट हुई है। महिला के पेट में चोट आने के बाद उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित