देवरिया, जुलाई 12 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया आदर्श रेलवे स्टेशन का रविवार को औचक निरीक्षण करते हुए देवरिया के सांसद शंशाक मणि त्रिपाठी ने यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को और बेहतर करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है।

सदर सांसद ने आज निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, टिकट काउंटर, पार्किंग तथा स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों से स्टेशन के विकास कार्यों एवं प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर के रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण तेजी से किया जा रहा है। रेलवे केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि देश की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण आधार है। यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान श्री त्रिपाठी ने यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और रेलवे अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने, पेयजल की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने, प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा यात्रियों की सुविधा से जुड़े अन्य कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित