देवरिया, सितंबर 12 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में 13 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा नवसृजन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। सांसद शशांक मणि की पहल पर जागृति उद्यम केंद्र, बरपार में होने वाले इस महोत्सव में भगवान विश्वकर्मा मंदिर का भूमिपूजन, अमृत प्रयास के दूसरे संकल्प का शुभारंभ और बरगद क्रांति पर विचार-मंथन होगा।

शनिवार को यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद श्री मणि ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर शुरू हो रहे सेवा पखवाड़ा से पहले आयोजित हो रहा यह महोत्सव आस्था को सृजन से, सृजन को उद्यमिता से और उद्यमिता को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास है।

उन्होंने बताया कि महोत्सव के तहत तीन मुख्य कार्यक्रम होंगे। पहला भगवान विश्वकर्मा मंदिर का भूमिपूजन और अर्पण के माध्यम से सांस्कृतिक नवाचार। दूसरा अमृत प्रयास-संकल्प 2 का शुभारंभ।जिसके तहत युवाओं और महिलाओं को कौशल एवं उद्यमिता से जोड़कर रोजगारदाता बनाने की पहल की जायेगी। तीसरा बरगद क्रांति विचार-मंथन, जिसके माध्यम से देवरिया से शुरू हुए आर्थिक-सामाजिक नवसृजन के मॉडल को पूर्वांचल और देशभर में विस्तार देने पर चर्चा होगी।

श्री मणि ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, श्रम और कौशल की भारतीय परंपरा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास इस प्रेरणा को गांवों की प्रतिभा से जोड़कर उद्यमिता और रोजगार की शक्ति बनाना है। ताकि देवरिया-कुशीनगर का हर व्यक्ति विकास का लाभार्थी ही नहीं बल्कि भागीदार भी बने। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान स्थानीय उद्यमियों, नवाचारी युवाओं और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया जावेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित