देवरिया , अक्टूबर 03 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के खुखुंदू थाने की हवालात में बंद एक विचाराधीन बंदी द्वारा शनिवार को फांसी लगाए जाने से सनसनी फैल गई। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने शव का पंचायतनामा मजिस्ट्रेट से हराने का निर्देश देने के साथ पैनल से वीडियोग्राफी के तहत पोस्टमार्टम के आदेश दिए हैं।

श्री शंकर ने यहां बताया कि शनिवार को खुखुंदू थाना द्वारा सूचना दी गई कि सुबह लगभग 08.30 बजे हवालात में दाखिल मुल्जिम बृजपाल सिंह (38) निवासी अमरोहा देहात ने फांसी का फंदा लगा लिया। तुरंत ही पुलिस द्वारा उसे इलाज हेतु अस्पताल ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होने बताया कि मृतक को कल खुखुंदू पुलिस ने धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था। शुक्रवार को खुखुंदू-नूनखार मार्ग पर एसओजी और खुखुंदू पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसके डीसीएम ट्रक से लगभग एक क्विंटल गांजा बरामद हुआ था। उसे शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाना था। उन्होंने बताया किर शव का पंचायतनामा मजिस्ट्रेट द्वारा भरा जाएगा और पोस्टमार्टम डॉक्टर्स के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के अंतर्गत कराया जाएगा। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित