देवरिया , अक्टूबर 03 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के खुखुंदू थाने में शनिवार को पुलिस हिरासत में बंद एक विचाराधीन बंदी की मौत के मामले में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्रभारी निरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि प्रभारी निरीक्षक थाना खुखुंदू राहुल सिंह, थाने पर नियुक्त मुहर्रिर आरक्षी गुल्लुर प्रसाद और रिक्रूट आरक्षी अंगद यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीनों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार अभियुक्त के हवालात में फांसी लगा लेने और मृत्यु हो जाने के मामले में अपने पदेन राजकीय कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता एवं स्वेच्छाचारिता बरतने का आरोप है। सभी के विरुद्ध विभागीय जांच भी संस्थित कर दी गई है।

गौरतलब है कि आज सुबह लगभग 08.30 बजे थाना खुखुंदू की हवालात में बंद अभियुक्त बृजपाल सिंह (38) पुत्र कैलाश सिंह, निवासी अमरोहा देहात ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसे कल ही खुखुंदू-नूनखार मार्ग पर एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक डीसीएम ट्रक से लगभग एक क्विंटल गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। उस पर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज था और आज उसे न्यायालय में पेश किया जाना था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित