देवरिया , अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य आयोजन किये जायेंगे। इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्य विकास अधिकारी(सीडीओ) राजेश कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत जिले में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत तिरंगा रैलियां, तिरंगा कॉन्सर्ट, सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शनियां, सरकारी भवनों पर प्रकाश सज्जा और विद्यालयों में सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। रैलियों में छात्र, युवा, महिला स्वयं सहायता समूह, अधिकारी-कर्मचारी और सामाजिक संगठन शामिल होंगे। कॉन्सर्ट में शहीद सैनिकों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। तिरंगा वितरण की जिम्मेदारी जिला पंचायत राज अधिकारी, बीडीओ और ईओ को दी गई है। प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी जिला सूचना अधिकारी को सौंपी गई है।उन्होंने कहा कि अभियान में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित कर सभी गतिविधियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराई जायेगी। अभियान की ओवरऑल मॉनिटरिंग जिला अर्थ संख्याधिकारी करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित