देवरिया , मई 27 -- पूर्वी उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार विशुनपुर कला गांव के महुआबारी टोला निवासी मुकेश सिंह की 25 मई को घर के अंदर लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी संगम देवी, उसके भाई जयप्रकाश सिंह उर्फ जीउत तथा भांजे आदित्य सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक घरेलू विवाद के दौरान तीनों आरोपियों ने मिलकर मुकेश सिंह पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर कारखाना ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल देवरिया रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली थी। मामले में बरियारपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित